हरियाणा के प्राइवेट स्कूलों में 12वीं तक फ्री में पढ़ सकेंगे छात्र, 30 मार्च तक करें आवेदन; क्या है शर्तें?

2.0kViews
1844 Shares

हरियाणा में अब अधिकतम आठ लाख रुपये तक वार्षिक कमाई वाले परिवारों के बच्चे भी निजी स्कूलों में मुफ्त पढ़ाई कर सकेंगे। शिक्षा विभाग ने मुख्यमंत्री हरियाणा समान शिक्षा राहत, सहायता एवं अनुदान (चिराग) योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु दाखिले की प्रकिया शुरू करने के लिए मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों से 15 फरवरी तक आवेदन मांगे हैं। संबंधित स्कूलों को एक से 15 अप्रैल के बीच दाखिला प्रक्रिया पूरी करनी होगी। गरीब बच्चों की फीस की प्रतिपूर्ति सरकार करेगी।

मौलिक शिक्षा निदेशालय की ओर से नए शैक्षणिक सत्र में चिराग योजना के तहत दाखिलों को लेकर सभी जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया है। छठी से बारहवीं में दाखिले करने के लिए मान्यता प्राप्त निजी विद्यालय अपनी सहमति विभाग की वेबसाइट पर दर्ज करवा सकते हैं। इन विद्यालयों की कक्षा अनुसार घोषित सीटों का विवरण विभाग द्वारा विभागीय वेबसाइट और पोर्टल पर दर्शाया जाएगा।

30 मार्च तक करें आवेदन

संबंधित विद्यालय रिक्त सीटें 10 मार्च से नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित करेगा। अभिभावक और छात्र दाखिले के लिए 13 मार्च से 30 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं। जिन विद्यालयों में सीटों से ज्यादा आवेदन प्राप्त होंगे, एक से पांच अप्रैल के बीच ड्रा निकाले जाएंगे। अभिभावकाें की उपस्थिति में ड्रा निकाला जाएगा।

सभी विद्यालय एक से 15 अप्रैल तक दाखिले की प्रकिया संपन्न कर सफल छात्रों की सूची विद्यालय के नोटिस बोर्ड पर दर्शाएंगे। फिर रिक्त बची सीटों पर प्रतीक्षा सूची के छात्रों के दाखिले 16 से 30 अप्रैल तक किए जाएंगे। विद्यालयों द्वारा दाखिल विद्यार्थियों का विवरण विभागीय पोर्टल पर एक से 30 अप्रैल तक दर्ज कराना आवश्यक होगा। दाखिला अवधि में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी संबंधित विद्यालयों में विभागीय नामिनी नियुक्त करेंगे। खंड शिक्षा अधिकारी, सरकारी स्कूल के प्राचार्य, मुख्याध्यापक, पीजीटी या अध्यापक में से किसी को भी यह जिम्मेदारी दी जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *