जिले में इंटरमीडिएट की परीक्षा आगामी 2 फरवरी से शुरू हो रही है, जो 13 फरवरी तक चलेगी। इस परीक्षा में कुल 29,841 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसके लिए जिले में 59 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
कदाचार मुक्त और शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने के लिए डीएम अंशुल कुमार ने बुधवार को महानंदा सभागार में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में डीएम ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने और परीक्षा को निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को सक्रिय और गंभीरता से परीक्षा संचालन करने का निर्देश दिया।
परीक्षा केंद्र पर सख्त निगरानी
डीएम ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी।
- प्रथम पाली: सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक
- द्वितीय पाली: दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक
परीक्षार्थियों को निर्धारित समय से आधा घंटा पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। इसके बाद प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार और अंदर कड़ी निगरानी की व्यवस्था रहेगी।
निषेधाज्ञा और सुरक्षा व्यवस्था
परीक्षा के दिन सभी परीक्षा केंद्रों के 500 गज की परिधि में निषेधाज्ञा लागू रहेगी। परीक्षा अवधि में केंद्र के आसपास की फोटो स्टेट, चाय-पान और किताबों की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी।
इसके अलावा, सोशल मीडिया पर भी जिला साइबर सेल 24 घंटे निगरानी रखेगी ताकि किसी भी तरह की अफवाह या गलत सूचना फैलने से रोका जा सके।


