अमेरिका के जाने-माने मौसम वैज्ञानिक और CBS2 चैनल के चीफ मेटियोरोलॉजिस्ट रोलैंड स्टेडहैम का 67 वर्ष की आयु में निधन हो गया। इडाहो राज्य में हुए एक छोटे विमान हादसे में उनकी मौत हुई। इस दुर्घटना में विमान में सवार दोनों लोगों की जान चली गई।
स्थानीय चैनल KBOI ने पुष्टि की कि 27 जनवरी, मंगलवार को स्टेडहैम उस छोटे विमान में सवार थे, जो इडाहो के एमेट इलाके के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा पैएट नदी के समीप हुआ।
कैसे हुआ हादसा?
जेम काउंटी शेरिफ ऑफिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया कि विमान ने उड़ान के दौरान एक बिजली की लाइन को छू लिया। इसके बाद विमान नदी की जमी हुई सतह पर गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में दो लोग सवार थे और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
रोलैंड स्टेडहैम अमेरिका में मौसम विज्ञान के क्षेत्र में एक जाना-पहचाना नाम थे। उनके निधन से वैज्ञानिक समुदाय और मीडिया जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।


