इंटर परीक्षा 2026: जिला प्रशासन ने की सख्त ब्रीफिंग, निष्पक्षता पर कोई समझौता नहीं
जिले में आयोजित होने वाली इंटरमीडिएट वार्षिक सैद्धांतिक परीक्षा 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। बुधवार को जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने संयुक्त रूप से जिले के सभी 69 परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षकों को ब्रीफिंग दी।
इंटर परीक्षा 2 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी। ब्रीफिंग के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश सुनिश्चित किया जाए।
मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट और किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा केंद्र में पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि कोई परीक्षार्थी या संबंधित कर्मी कदाचार में लिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।


