किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य पर मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए फ्रांस ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। ऑस्ट्रेलिया के बाद अब फ्रांस की नेशनल असेंबली ने भी एक विधेयक को मंजूरी दी है, जिसके तहत 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए इंटरनेट मीडिया का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है।
सोमवार देर रात हुए मतदान में यह विधेयक 130-21 के भारी अंतर से पारित हुआ। नए कानून के तहत न केवल इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म्स को विनियमित किया जाएगा, बल्कि हाई स्कूलों में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर भी पूरी तरह रोक लगाई जाएगी।
फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने इस कानून को ‘फास्ट-ट्रैक’ करने का अनुरोध किया है, ताकि इसे सितंबर में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से लागू किया जा सके। उन्होंने इस फैसले का समर्थन करते हुए कहा, “हमारे बच्चों के दिमाग बिक्री के लिए नहीं हैं — न अमेरिकी प्लेटफॉर्म्स के लिए और न ही चीनी नेटवर्क के लिए। उनके सपने एल्गोरिदम द्वारा तय नहीं होने चाहिए।”


