बनगांव सांस्कृतिक कार्यक्रम में अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती ने लगाया उत्पीड़न का आरोप, पुलिस में शिकायत दर्ज

2.9kViews
1569 Shares

अभिनेत्री और पूर्व सांसद मिमी चक्रवर्ती ने उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान उत्पीड़न का आरोप लगाया है। उन्होंने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

मिमी की शिकायत के अनुसार, रविवार को बनगांव के नयाग्राम इलाके में आयोजित कार्यक्रम में वह मंच पर प्रस्तुति दे रही थीं। इसी दौरान आयोजकों में से एक तन्मय शास्त्री स्टेज पर चढ़ गए और उनके कार्यक्रम को बीच में ही रोक दिया। आरोप है कि उन्होंने आधी रात को मिमी को स्टेज से नीचे उतरने के लिए मजबूर किया।

पुलिस में दर्ज कराई शिकायत मिमी चक्रवर्ती ने इस घटना को अपमानजनक बताते हुए ईमेल के माध्यम से बनगांव पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि यह व्यवहार उनके सम्मान के खिलाफ है और कलाकारों के साथ इस तरह का बर्ताव अस्वीकार्य है।

हालांकि, आयोजक युवक संघ क्लब से जुड़े तन्मय शास्त्री ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मिमी कार्यक्रम में तय समय से लगभग एक घंटा देर से पहुंचीं। इसी वजह से कार्यक्रम का समय बिगड़ गया और उन्हें मंच से उतरने के लिए कहा गया।

फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *