भारत और यूरोपीय संघ के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर बातचीत पूरी हो गई है। इस ऐतिहासिक मौके पर यूरोपियन काउंसिल के प्रेसिडेंट एंटोनियो लुइस सैंटोस दा कोस्टा ने अपना ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड निकालकर सबको दिखाया।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2017 में एंटोनियो कोस्टा को यह कार्ड प्रदान किया था, जब वह पुर्तगाल के प्रधानमंत्री थे। उस समय पीएम मोदी ने उन्हें भारतीय डायस्पोरा का सबसे बेहतरीन प्रतिनिधि बताया था।
एंटोनियो कोस्टा ने OCI कार्ड दिखाते हुए कहा, “मैं यूरोपियन काउंसिल का प्रेसिडेंट हूं, लेकिन मैं एक ओवरसीज भारतीय नागरिक भी हूं।”
भारत के साथ अपने रिश्ते पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि उनके लिए यह जुड़ाव बेहद खास है। उन्होंने बताया कि उन्हें गोवा में अपनी जड़ों पर गर्व है, जहां से उनके पिता का परिवार आया था। उन्होंने कहा कि यूरोप और भारत के बीच का रिश्ता उनके लिए व्यक्तिगत महत्व रखता है और यह संबंध उनके दिल के बेहद करीब है।


