अधूरी परियोजनाओं का उद्घाटन करवा रहे अधिकारी, ओल्ड फरीदाबाद मल्टीलेवल पार्किंग का मामला सुर्खियों में

2.1kViews
1966 Shares

फरीदाबाद शहर में अधूरी परियोजनाओं को पूरा बताकर उनका उद्घाटन कराने की परंपरा लगातार सवालों के घेरे में है। कई बार देखा गया है कि अधिकारी जनप्रतिनिधियों को अधूरी तैयारियों के बावजूद मंच पर बुलाकर उद्घाटन करवा देते हैं। इससे न केवल जनता को गुमराह किया जाता है बल्कि जनप्रतिनिधियों की साख भी प्रभावित होती है।

ताजा उदाहरण ओल्ड फरीदाबाद सब्जी मंडी चौक पर बनी मल्टीलेवल पार्किंग का है। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत इस पार्किंग का निर्माण किया गया और 24 जनवरी 2024 को तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल से इसका उद्घाटन भी करा दिया गया। उद्घाटन के समय इसे शहर की बड़ी उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत किया गया था। अधिकारियों ने दावा किया कि यह पार्किंग सुविधा जल्द ही आम जनता के लिए खोल दी जाएगी और इससे ट्रैफिक जाम की समस्या में काफी हद तक राहत मिलेगी।

लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। उद्घाटन के एक साल बाद भी यह पार्किंग पूरी तरह से चालू नहीं हो सकी है। सबसे बड़ी विडंबना यह है कि इस भवन को अब तक फायर एनओसी तक नहीं मिल पाई है। बिना फायर एनओसी के किसी भी भवन को सुरक्षित मानकर जनता के उपयोग के लिए नहीं खोला जा सकता। ऐसे में सवाल उठता है कि जब आवश्यक सुरक्षा प्रमाणपत्र ही उपलब्ध नहीं था तो इतनी जल्दबाजी में उद्घाटन कराने की क्या मजबूरी थी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पार्किंग आज भी बंद पड़ी है और आसपास के क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या जस की तस बनी हुई है। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई गई इस परियोजना का लाभ जनता को नहीं मिल पा रहा है। वहीं, अधिकारियों की जल्दबाजी और दिखावे की राजनीति के कारण जनता को केवल उद्घाटन समारोह देखने को मिला, सुविधा का लाभ नहीं।

विशेषज्ञों का मानना है कि अधूरी परियोजनाओं का उद्घाटन कराना प्रशासनिक लापरवाही का स्पष्ट उदाहरण है। इससे न केवल सुरक्षा मानकों की अनदेखी होती है बल्कि जनता का विश्वास भी टूटता है। यदि किसी भवन को फायर एनओसी नहीं मिली है तो इसका मतलब है कि उसमें आगजनी जैसी आपात स्थिति से निपटने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। ऐसे में वहां वाहनों की पार्किंग शुरू करना लोगों की जान को खतरे में डालने जैसा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *