जाजरू गांव में पंचायती भूमि पर अवैध निर्माण, पेड़ों की कटाई से पर्यावरण को नुकसान
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ क्षेत्र के जाजरू गांव में ग्रामीणों द्वारा पंचायती भूमि पर अवैध निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने पंचायत की रोक-टोक के बावजूद पेड़ों को काटकर निर्माण कार्य शुरू कर दिया।
पंचायत ने इस पर आपत्ति जताते हुए ग्रामीणों को रोकने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद गांव की सरपंच ने एसडीएम, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी और थाना सेक्टर-58 पुलिस को लिखित शिकायत दी है। शिकायत में कहा गया है कि ग्रामीण जोहड़, बरात घर और पंचायती रास्तों पर अवैध निर्माण कर रहे हैं।
पंचायत का आरोप है कि इन ग्रामीणों ने निर्माण कार्य के लिए पंचायती भूमि पर लगे पेड़ों को बिना वन विभाग या किसी अन्य संबंधित अधिकारी की अनुमति के काट दिया। इससे न केवल पंचायत की भूमि पर कब्जा हो रहा है बल्कि पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंच रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो गांव की सार्वजनिक सुविधाएं प्रभावित होंगी और पर्यावरणीय संतुलन भी बिगड़ सकता है। फिलहाल पंचायत की शिकायत पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे ग्रामीणों के हौसले बुलंद हैं।


