वैशाली जिले के कटहरा थाना क्षेत्र के सेहान गांव में एक सरकारी शिक्षिका का शव फंदे से लटका हुआ मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान जंदाहा थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी दीपक राज की पत्नी के रूप में हुई है। वह अख्तियारपुर सेहान स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं और विद्यालय के पास ही किराए के मकान में रहकर पढ़ाती थीं।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद परिजनों और कटहरा थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने कमरे से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद वे उसे गांव लेकर चले गए। इस घटना से गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।


