छाताबाद गोलीबारी कांड: कतरास पुलिस ने विक्रम और कन्हैया को दबोचा, जेल भेजा

 छाताबाद मस्जिद रोड स्थित आकाशकिनारी बस्ती मैदान के समीप हुई हिंसक झड़प और अंधाधुंध गोलीबारी मामले में कतरास पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है।

इसी कड़ी में पुलिस ने शनिवार को इस कांड के दो और नामजद प्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों में कतरास थाना क्षेत्र के आकाशकिनारी बस्ती निवासी विक्रम यादव 38 वर्ष, पिता- बालेश्वर यादव और कन्हैया यादव 31 वर्ष, पिता- नुनूलाल यादव शामिल हैं।

कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों को उनके ठिकानों से दबोचा। इसके बाद माननीय न्यायालय में पेशी के पश्चात दोनों को मंडल कारा धनबाद भेज दिया गया है।

वरीय अधिकारियों के निर्देश पर कतरास पुलिस इस मामले में नामजद अन्य फरार अभियुक्तों और असामाजिक तत्वों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र की शांति व्यवस्था भंग करने वाले और कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। इस कांड में संलिप्त अन्य आरोपियों को भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

क्या था मामला

बीती 27 मई 2026 की रात छाताबाद में अमित यादव और विकास बजरंगी गुटों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर हिंसक झड़प हुई थी। इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से तीन से चार चक्र हवाई फायरिंग की गई थी।

इस घटना की गंभीरता को देखते हुए कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के प्रतिवेदन के आधार पर कतरास थाना कांड संख्या 152/26 दर्ज किया गया है। इसमें आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत विकास बजरंगी व अमित यादव समेत 20 नामजद और 8 से 10 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।

निर्दोष को लगी थी गोली

इस खूनी संघर्ष के दौरान अपने घर की छत पर खड़े निर्दोष युवक मोहम्मद तौसिफ आलम के कंधे में और नीतीश कुमार यादव की जांघ में गोली लगी थी। गंभीर रूप से घायल तौसिफ का इलाज दुर्गापुर मिशन अस्पताल में चल रहा है।

अब तक की कार्रवाई

इससे पहले गठित एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आनंद कुमार यादव, करण कुमार दास और विवेक कुमार ठाकुर को एक देशी पिस्टल, दो जिंदा गोली, दो खोखा और घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो गाड़ी के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था। विक्रम और कन्हैया की गिरफ्तारी के बाद जेल जाने वाले आरोपियों की कुल संख्या अब पांच हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *