शहर और कोल्हान क्षेत्र के मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जल्द ही कैंसर रोगियों के इलाज की सुविधा शुरू होने जा रही है।
अस्पताल परिसर में इसके लिए स्थान का चयन कर लिया गया है। छह मंजिला भवन में कैंसर इनडोर वार्ड खोला जाएगा। शुरुआती चरण में 10 बेड की व्यवस्था होगी, जबकि भविष्य में जरूरत के अनुसार बेड की संख्या बढ़ाकर 20 करने की योजना है।
चरणबद्ध तरीके से तैयारी एमजीएम के उपाधीक्षक डॉ. नकुल प्रसाद चौधरी ने बताया कि कैंसर वार्ड खोलने की प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। स्थान चयन के साथ-साथ आवश्यक संसाधनों और स्टाफ की व्यवस्था पर भी काम शुरू हो चुका है।
इस सुविधा के शुरू होने से कैंसर रोगियों को स्थानीय स्तर पर इलाज उपलब्ध होगा और उन्हें दूर-दराज के बड़े शहरों में जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।


