छपरा–सिवान रेलखंड पर बनवार 59 ए ढाला के पूरब, बनवार फ्लाईओवर रेल ब्रिज के समीप शुक्रवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया। हालांकि, डाउन पाटलिपुत्र एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि बाइक सवार युवक समय रहते अपनी जान बचाने में सफल रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पाटलिपुत्र एक्सप्रेस एकमा स्टेशन से खुलकर दाउदपुर स्टेशन की ओर तेज गति से जा रही थी। इसी दौरान एक युवक अनधिकृत रूप से रेल ब्रिज के नीचे से ट्रैक पार करने का प्रयास कर रहा था। अचानक ट्रेन को नजदीक आते देख युवक घबरा गया और बाइक ट्रैक पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गया।
कुछ ही सेकेंड बाद ट्रेन बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उसका इंजन व ब्रेक ट्रेन के इंजन में फंसकर काफी दूरी तक घिसटते चले गए।
ट्रेन रोकी गई और रेल परिचालन प्रभावित
घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए और घटनास्थल पर भीड़ जुट गई। गेटमैन ने तुरंत इसकी सूचना दाउदपुर स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर रामनरेश रंजन ने बताया कि चालक से संपर्क कर ट्रेन को रोका गया और छपरा आरपीएफ को सूचित किया गया।
रेलकर्मियों की मदद से इंजन में फंसी बाइक को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। घटना के कारण पाटलिपुत्र एक्सप्रेस करीब 50 मिनट तक घटनास्थल पर खड़ी रही। इस दौरान नई दिल्ली से चलने वाली 02564 और आनंद विहार से आने वाली 14006 ट्रेन को एकमा स्टेशन पर रोका गया, जिससे रेल परिचालन प्रभावित हुआ।
मौके पर पहुंची आरपीएफ टीम अब क्षतिग्रस्त बाइक के मालिक की पहचान और आगे की कार्रवाई में जुटी है।


