लौकही प्रखंड क्षेत्र में प्रतिबंध के बावजूद उजले बालू का अवैध खनन और तस्करी खुलेआम की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, भूतही बलान नदी, पांची नदी और लौकहा क्षेत्र से गुजरने वाली भूतही बलान नदी से प्रतिदिन ट्रैक्टरों के जरिए बालू की अवैध निकासी की जा रही है और उसे सीधे बाजारों व निर्माण स्थलों तक पहुंचाया जा रहा है।
इस अवैध गतिविधि के कारण जहां पर्यावरण को गंभीर क्षति पहुंच रही है, वहीं सरकार को भी लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि बालू माफिया दिन के उजाले में खनन कर रहे हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि उन्हें प्रशासनिक कार्रवाई का कोई डर नहीं है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


