अमृतसर में हेरिटेज स्ट्रीट पर निहंगों ने महंतों को दौड़ाया, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
अमृतसर स्थित श्री हरिमंदिर साहिब की हेरिटेज स्ट्रीट पर उस समय हंगामे जैसे हालात बन गए, जब निहंगों ने कुछ महंतों को, जो श्रद्धालुओं से जबरन पैसे मांग रहे थे, डंडों से पिटाई कर वहां से भगा दिया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिसमें निहंग महंतों को दौड़ाते हुए नजर आ रहे हैं। घटना के दौरान कुछ समय के लिए इलाके में तनाव का माहौल भी बना रहा, लेकिन श्रद्धालुओं और दुकानदारों के समर्थन की वजह से महंत निहंगों का विरोध नहीं कर सके।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हेरिटेज स्ट्रीट पर लंबे समय से कुछ लोग खुद को महंत बताकर श्रद्धालुओं से पैसे वसूल रहे थे। आरोप है कि ये लोग श्रद्धालुओं को डराकर और धमकाकर जबरन उनकी जेब से पैसे निकालने की कोशिश कर रहे थे। इसको लेकर सोशल मीडिया पर लगातार शिकायतें भी सामने आ रही हैं।


