भाजपा विधायक अरविंद पांडेय के गूलरभोज स्थित आवास पर बुधवार को दिनभर राजनीतिक हलचल देखने को मिली। सरकारी भूमि पर कथित अतिक्रमण कर निर्माण किए जाने के मामले में तहसील प्रशासन की ओर से नोटिस जारी होने के बाद क्षेत्र और जिलेभर से बड़ी संख्या में उनके समर्थक और कार्यकर्ता उनके आवास पर एकत्र हो गए।
इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक अरविंद पांडेय ने तीखे शब्दों में अपनी बात रखी। उन्होंने एक मुहावरे का जिक्र करते हुए कहा कि कोई व्यक्ति अपने ही सिर के बाल खुद नहीं काट सकता, लेकिन उन्हें दूसरों के बाल काटना अच्छी तरह आता है। उन्होंने यह भी कहा कि सत्ता के आसपास कुछ दलाल प्रवृत्ति के नेता अपनी फ्रेंचाइजी बेचने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा।
विधायक के इस बयान के बाद समर्थकों में जोश देखा गया और माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंगा नजर आया। फिलहाल, प्रशासन की ओर से जारी नोटिस को लेकर आगे की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।


