अमृतसर एयरपोर्ट पर राष्ट्रीय पक्षी मोर की टैक्सीडर्मी ट्रॉफी के साथ यात्री गिरफ्तार, पंजाब में पहला मामला

2.0kViews
1573 Shares

अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकॉक से आए एक यात्री को राष्ट्रीय पक्षी मोर की मृत टैक्सीडर्मी ट्रॉफी के साथ गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, पंजाब में यह पहला मामला है, जब मोर की टैक्सीडर्मी से जुड़ी तस्करी पकड़ी गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 39 वर्षीय मोहम्मद अकबर अहमद के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के गांव कासमपुर, पीर वाला मोहल्ला का निवासी बताया गया है। आरोपी 19 जनवरी को थाई लायन एयर की फ्लाइट SL-214 से बैंकॉक से अमृतसर पहुंचा था।

जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 2 बजकर 45 मिनट पर जैसे ही विमान अमृतसर एयरपोर्ट पर उतरा, कस्टम अधिकारियों ने संदेह के आधार पर यात्री को निगरानी में ले लिया। जांच के दौरान उसके सामान से राष्ट्रीय पक्षी मोर की मृत टैक्सीडर्मी ट्रॉफी बरामद की गई।

कस्टम विभाग ने आरोपी को हिरासत में लेकर वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है कि यह ट्रॉफी कहां से लाई गई और इसके पीछे तस्करी का नेटवर्क कितना बड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *