राष्ट्रस्तरीय विंटर कार्निवाल के दूसरे दिन बुधवार को मनाली के माल रोड पर राइट बैंक के महिला मंडलों की महानाटी ने खूब रंग जमाया। इस दौरान राइट बैंक के 162 महिला मंडलों की लगभग 1500 महिलाएं पारंपरिक कुल्लवी परिधान में सामूहिक नाटी डालते हुए नजर आईं।
महिलाओं की इस सामूहिक प्रस्तुति ने पर्यटकों को भी मंत्रमुग्ध कर दिया। कई पर्यटक इस ऐतिहासिक पल को अपने मोबाइल फोन में कैद करते दिखे, जबकि कुछ ने महिलाओं के साथ कदम मिलाकर नाटी में भागीदारी भी की।
एक घंटे तक नाटी
महिलाओं ने काले रंग के फूल वाले पट्टू, चांदी की बूमणी, चंद्रहार, पांजेब, सोने के लॉकेट और लाल रंग का ढाठू पहनकर करीब एक घंटे तक नाटी डाली। इस दौरान पूरा वातावरण लोक संस्कृति और उत्साह से सराबोर हो गया।
महानाटी में शामिल 162 महिला मंडलों की सदस्याओं ने सामूहिक रूप से अपनी परंपरा और संस्कृति का अद्भुत प्रदर्शन किया, जिसने कार्निवाल को और भी खास बना दिया।


