चक माहपुर गांव में शुक्रवार को भूमि विवाद को लेकर हुए हिंसक टकराव के मामले में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। सगे भाइयों के साथ मारपीट और तमंचे से फायरिंग कर उन्हें घायल करने के आरोपी अवैध हथियारों के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के शौकीन बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपितों सहित कुल आठ पट्टीदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई गोली लगने से घायल सगे भाइयों की मां की तहरीर के आधार पर की गई है।
मुकदमा दर्ज होने के बाद इंटरनेट मीडिया पर आरोपितों की पुरानी तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें वे खुलेआम असलहों के साथ नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों के सामने आने से इलाके में दहशत का माहौल है और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई भी आरोपी गिरफ्तार नहीं हो सका। पुलिस का कहना है कि आरोपितों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियार रखने और उनका प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


