IND vs NZ: इंदौर में होगा सीरीज का फैसला, विराट कोहली के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका

2.5kViews
1399 Shares

भारतीय क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का निर्णायक मुकाबला 18 जनवरी, रविवार को इंदौर के ऐतिहासिक होलकर क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है, ऐसे में दोनों ही टीमें यह मैच जीतकर सीरीज अपने नाम करना चाहेंगी।

इंदौर का मैदान भारतीय टीम के लिए बेहद शुभ रहा है। टीम इंडिया ने यहां अब तक खेले गए सभी सात वनडे मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जिससे उसका रिकॉर्ड सौ फीसदी का रहा है। कप्तान शुभमन गिल इस शानदार सिलसिले को कायम रखने की कोशिश करेंगे और घरेलू दर्शकों के सामने जीत के साथ सीरीज खत्म करना चाहेंगे।

विराट कोहली रच सकते हैं नया कीर्तिमान

इस निर्णायक मुकाबले में पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली के पास एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने का मौका भी होगा। कोहली की नजर वीरेंद्र सहवाग और रिकी पोंटिंग के एक बड़े वनडे रिकॉर्ड पर टिकी है।

विराट कोहली मौजूदा सीरीज में अच्छे फॉर्म में नजर आए हैं। वडोदरा में खेले गए पहले वनडे में वह शतक से चूक गए थे, लेकिन उन्होंने 91 गेंदों पर 8 चौकों और 1 छक्के की मदद से 93 रन की शानदार पारी खेली थी। हालांकि, दूसरे वनडे में वह लय बरकरार नहीं रख सके और केवल 23 रन बनाकर आउट हो गए।

अब इंदौर के अनुकूल ट्रैक और शानदार वनडे रिकॉर्ड को देखते हुए एक बार फिर विराट से बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है। यदि कोहली का बल्ला चला, तो यह मुकाबला भारतीय टीम के पक्ष में निर्णायक साबित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *