सरकारी सस्ते गल्ले की व्यवस्था में लापरवाही अब भारी पड़ने वाली है। दिसंबर तक ई-केवाईसी पूरी न करने वाले जनपद के 2.18 लाख से अधिक राशन कार्डधारकों को जनवरी में राशन नहीं मिलेगा।
जिला पूर्ति विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि जनवरी में भी ई-केवाईसी पूरी नहीं हुई, तो फरवरी से ऐसे लाभार्थियों का नाम राशन कार्ड से पूरी तरह हटा दिया जाएगा। इसका सीधा असर गरीब और जरूरतमंद परिवारों की खाद्य सुरक्षा पर पड़ेगा।
जनपद में कुल 27,82,911 यूनिट लाभार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें से 92.15 प्रतिशत यानी 25,64,417 यूनिट की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। शेष 2,18,494 यूनिट की ई-केवाईसी अब तक पूरी नहीं हो पाई है। इन्हीं लाभार्थियों को जनवरी में राशन वितरण से बाहर रखा जाएगा।
राशन वितरण के लिए जनपद में 1,604 उचित दर की दुकानें संचालित हैं। विभाग ने लाभार्थियों से अपील की है कि वे समय पर ई-केवाईसी पूरी कर लें, ताकि उन्हें खाद्यान्न वितरण से वंचित न होना पड़े।


