रामगढ़ थाना क्षेत्र के पथरिया गांव के पास गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जामा के तातलोई में लगे मेले से बाइक पर दो दोस्तों के साथ लौट रही एक किशोरी को बाइक सवार तीन युवकों ने जबरन उतारने की कोशिश की। किशोरी और उसके साथियों द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया।
इस हमले में 16 वर्षीय लखींद्र सोरेन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त डेविड हांसदा और किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से पूछताछ की। वहीं, रामगढ़ थाना पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।


