शाहाबाद क्षेत्र में बैंक खाता खुलवाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। एक युवक को झांसे में लेकर पहले बैंक ले जाकर उसका खाता खुलवाया गया, फिर धोखाधड़ी करते हुए एटीएम कार्ड के जरिए खाते से 1.93 लाख रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम लालपुर, शाहाबाद निवासी सुनील कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि ग्राम मंगलीपुर निवासी रविकुमार उसे 17 दिसंबर को शाहाबाद स्थित इंडियन बैंक शाखा ले गया। वहां उसने चालाकी से सुनील का बैंक खाता खुलवाया और एटीएम कार्ड भी जारी करवा लिया।
आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने सुनील के आधार नंबर का उपयोग कर एक सिम कार्ड भी खरीद लिया। खाते में करीब 2.45 लाख रुपये जमा कराए गए और बाद में कई किस्तों में एटीएम कार्ड के जरिए 1.93 लाख रुपये निकाल लिए गए।
जब पीड़ित ने बैंक जाकर अपना खाता चेक कराया, तब उसे इस धोखाधड़ी की जानकारी हुई। इसके बाद उसने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाल जितेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है।


