तिरुपति मंदिर में नशे में चढ़ा व्यक्ति, 100 फीट ऊंचे गोपुरम पर मचाया हड़कंप

1910 Shares

आंध्र प्रदेश के तिरुपति स्थित श्री गोविंदराजस्वामी मंदिर में शुक्रवार देर रात सनसनी फैल गई, जब एक नशे की हालत में व्यक्ति 100 फीट ऊंचे गोपुरम पर चढ़ गया और नीचे उतरने के बजाय शराब की मांग करने लगा

इस दौरान आरोपी ने गोपुरम पर लगे दो पवित्र कलशों को नुकसान पहुँचाने की कोशिश की, जिससे मंदिर परिसर में करीब तीन घंटे तक हाई अलर्ट की स्थिति बनी रही।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देते हुए गोपुरम की जटिल नक्काशी का सहारा लेकर चढ़ाई की। अचानक हुई इस घटना से मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं और सुरक्षाकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई।

आरोपी की पहचान तेलंगाना के निजामाबाद जिले के निवासी कुट्टादी तिरुपति के रूप में हुई है, जो पेशे से दिहाड़ी मजदूर बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह पूरी तरह नशे में था।

तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही मंदिर प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तीर्थयात्रियों की भीड़ के दौरान परिधि निगरानी में चूक सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *