उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में शनिवार को कड़ाके की ठंड का असर साफ तौर पर देखने को मिला। भीषण शीतलहर के चलते आम जनजीवन प्रभावित रहा और लोग दिनभर ठिठुरते नजर आए। कश्मीर घाटी में बीते कई दिनों से तापमान लगातार शून्य डिग्री से नीचे बना हुआ है, जबकि राजधानी दिल्ली में इस सर्दी के मौसम की अब तक की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई।
पंजाब में भी ठंड ने नए रिकॉर्ड बनाए हैं। होशियारपुर में न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन में राज्य का सबसे कम तापमान है। मौसम विभाग के अनुसार, इस सर्दी में पहली बार तापमान इतना नीचे पहुंचा है, जिससे ठंड का असर और अधिक बढ़ गया है।
राज्य के अन्य जिलों में भी हालात कुछ अलग नहीं रहे। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं फरीदकोट और गुरदासपुर में तापमान 3.2 डिग्री, बठिंडा में 3.4 डिग्री, राजधानी चंडीगढ़ में 4 डिग्री, पटियाला में 4.4 डिग्री, रूपनगर में 4.5 डिग्री और लुधियाना में न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
तेज ठंड और ठंडी हवाओं के चलते सुबह और रात के समय हालात सबसे ज्यादा कठिन बने हुए हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, फिलहाल शीतलहर से राहत के आसार कम हैं और आने वाले दिनों में ठंड का असर बना रह सकता है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों व बीमार व्यक्तियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है।

