वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर शनिवार को प्रशासन ने बुलडोजर के माध्यम से सफाई अभियान चलाया। इस कार्रवाई में जलासेन घाट से लेकर सिंधिया घाट तक क्षेत्र को साफ किया गया और कई छोटे मंदिर भी ध्वस्त कर दिए गए।
भारी मशीनों का उपयोग कर मणिकर्णिका घाट पर प्रस्तावित कॉरिडोर निर्माण की तैयारी शुरू कर दी गई है। मशीनों के चलने की आवाज से स्थानीय निवासियों का ध्यान आकर्षित हुआ। प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि यह कार्रवाई घाट क्षेत्र के विकास और सुगम यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए की जा रही है।
वाराणसी के दालमंडी क्षेत्र के बाद अब बाबा विश्वनाथ की नगरी के सबसे पवित्र मणिकर्णिका घाट पर प्रशासन की यह कार्रवाई शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। संकरी गलियों और ऐतिहासिक घाटों की पहचान बदलने वाली इस प्रक्रिया का अगला चरण अब मणिकर्णिका घाट से सिंधिया घाट तक प्रस्तावित कॉरिडोर निर्माण में प्रवेश कर गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घाटों की पुरानी सूरत बदलने से शहर की पारंपरिक और धार्मिक पहचान पर असर पड़ सकता है, जबकि प्रशासन का कहना है कि यह कदम सुरक्षा और आधुनिक सुविधाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है।

