भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज 11 जनवरी से होने जा रहा है। पहला मुकाबला वडोदरा के कोटांबी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। यह स्टेडियम पहली बार भारतीय मेंस इंटरनेशनल टीम की मेजबानी करेगा। इससे पहले यह मैदान केवल महिला इंटरनेशनल और घरेलू क्रिकेट के मैचों का गवाह बन चुका है।
पहला मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस दोपहर 1 बजे होगा। मैच के दौरान वडोदरा का मौसम फैंस की चिंता का विषय बना हुआ है। यह सवाल उठ रहा है कि क्या खेल पूरे समय बिना किसी रुकावट के होगा या बारिश मैच में बाधा डाल सकती है।
मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार 11 जनवरी को वडोदरा में हल्की धूप और न्यूनतम वर्षा की संभावना है। दिन का तापमान लगभग 28°C तक पहुंचने की संभावना है, जबकि रात का न्यूनतम तापमान 16°C के आसपास रहेगा। ऐसे में मैच के दौरान मौसम का खेल पर कोई नकारात्मक असर नहीं होने की उम्मीद है।
इस मैच के साथ ही फैंस को भारतीय टीम के नए रणनीतियों और खिलाड़ियों के प्रदर्शन का भी बेसब्री से इंतजार है। कोटांबी स्टेडियम में घरेलू और महिला मैचों के अनुभव के आधार पर उम्मीद जताई जा रही है कि मैदान खेल और दर्शकों दोनों के लिए पूरी तरह तैयार रहेगा।

