अकबरपुर क्षेत्र में झांसी हाईवे पर खलीलपुर के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से हुए सड़क हादसे में दो पारिवारिक चचेरे भाइयों की मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों की पहचान काफी देर तक नहीं हो सकी। बाद में जब परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे, तब शवों की शिनाख्त हो पाई। मृतकों में से एक अपने परिवार का इकलौता पुत्र बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, घाटमपुर के अस्वागपुर गांव निवासी 25 वर्षीय ध्रुव सिंह अकबरपुर के नबीपुर, जैनपुर और रनियां क्षेत्र में कोरियर डिलीवरी का कार्य करते थे। वह रोजाना बाइक से घर से काम पर आते-जाते थे। मंगलवार देर रात करीब एक बजे वह अपने पारिवारिक चचेरे भाई अंकित के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे।
इसी दौरान खलीलपुर के पास झांसी हाईवे पर किसी तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद से मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सुरक्षा इंतजामों को सख्त करने की मांग की है।

