पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश कलमाडी का निधन, पुणे में होगा अंतिम संस्कार
पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेश कलमाडी का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और पुणे के दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में इलाजरत थे, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
परिवार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, सुरेश कलमाडी का पार्थिव शरीर दोपहर 2 बजे तक पुणे के एरंडवाने स्थित उनके आवास कलमाडी हाउस में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे पुणे के नवी पेठ स्थित वैकुंठ श्मशान भूमि में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
सुरेश कलमाडी कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते थे और उन्होंने केंद्र सरकार में मंत्री पद पर रहते हुए कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं। उनके निधन से राजनीतिक जगत में शोक की लहर है। कांग्रेस समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है।

