अरनिया क्षेत्र के गंगावली गांव के पास निर्माणाधीन पानी की पाइपलाइन साइट पर रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। पानी की बड़ी पाइप और लोहे की सपोर्ट के बीच दबने से एक वेल्डर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला जा सका। घटना के तुरंत बाद निजी ठेकेदार मौके से फरार हो गया, जिससे स्थानीय लोगों और परिजनों में आक्रोश फैल गया।
मृतक की पहचान सुरजावली गांव निवासी 24 वर्षीय मुनेश के रूप में हुई है। उसके भाई संतोष पुत्र वीर सिंह ने बताया कि गंगावली गांव के पास पानी की पाइपलाइन डालने का कार्य चल रहा है। यह पाइपलाइन पहासू के पलराझाल क्षेत्र से मथुरा तक बिछाई जा रही है, जिसके माध्यम से मथुरा शहर में जलापूर्ति की जानी है। मुनेश इस परियोजना में एक निजी ठेकेदार के अधीन वेल्डर के रूप में कार्यरत था।
रविवार को भी मुनेश अन्य मजदूरों के साथ निर्माणाधीन पाइपलाइन स्थल पर काम कर रहा था। दो पाइपों को जोड़ने के लिए वह खोदाई किए गए गहरे गड्ढे में वेल्डिंग का कार्य कर रहा था। दोपहर करीब डेढ़ बजे अचानक सामने की ओर से मिट्टी की ढांग भरभराकर नीचे गिर गई। मिट्टी के धंसते ही भारी पाइप खिसककर मुनेश की ओर आ गया और वह पाइप व लोहे की सपोर्ट के बीच दब गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और मजदूरों ने राहत कार्य शुरू किया, लेकिन भारी पाइप और मिट्टी के कारण शव को बाहर निकालने में काफी समय लग गया। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए घटनास्थल पर डटे रहे।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। परिजनों का आरोप है कि कार्यस्थल पर न तो पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम थे और न ही कोई निगरानी अधिकारी मौजूद था।

