देश के सबसे स्वच्छतम शहर इंदौर में दूषित पेयजल की वजह से 16 लोगों की मौत और एक हजार से अधिक लोग बीमार होने के बीच नगर निगम भागीरथपुरा क्षेत्र में अब तक साफ और सुरक्षित नर्मदा जल उपलब्ध नहीं करा पाया है।
स्थानीय निवासी अब पूरी तरह पानी टैंकरों पर निर्भर हैं। शनिवार को जब एक टैंकर में काई और जंग मिली, तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने टैंकर से पानी लिए बिना ही उसे वापस भेज दिया।
मरीजों की स्थिति
शनिवार को उल्टी और दस्त की शिकायत लेकर 65 नए मरीज अस्पताल पहुंचे। इनमें से 15 मरीजों को भर्ती किया गया, जबकि शेष को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। वर्तमान में 149 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं, जिनमें से 20 मरीज आईसीयू में गंभीर हालत में हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से सावधानी बरतने और उबालकर पानी पीने की सलाह दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निगम की यह लापरवाही उनके लिए गंभीर स्वास्थ्य संकट पैदा कर रही है।

