हापुड़ में सड़क सुरभा माह का शुभारंभ, जीरो फेटेलिटी लक्ष्य के साथ यातायात नियमों की सख्ती

1300 Shares

सड़क हादसों में कमी लाने के लिए संभागीय परिवहन विभाग द्वारा बृहस्पतिवार से राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह अभियान का शुभारंभ हो गया। अभियान के दौरान अधिकारी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कराकर लोगों को यातायात के नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करेंगे। जिला स्तर से लेकर पंचायत स्तर तक सड़क सुरक्षा से संबंधित लोगों को जानकारियां दी जाएंगी।

अभियान का शुभारंभ एसपी ज्ञानंजय सिंह, एडीएम संदीप कुमार, एआरटीओ प्रवर्तन रमेश कुमार चौबे आदि ने प्रचार प्रसार गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर किया। ज्ञानंजय सिंह ने कहा कि सड़कों का निर्माण होने से आवागमन तो सुगम हुआ है, लेकिन हादसों से लोगों की असमय मौत का आंकड़ा कम नहीं हो रहा है।

इसमें कमी लाने के लिए जरूरी है कि लोग यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें। इसी को ध्यान में रखते हुए सड़क सुरक्षा माह अभियान का सफल होना बेहद आवश्यक है।

एआरटीओ प्रवर्तन रमेश कुमार चौबे ने बताया कि शासन ने राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह को जीरो फेटेलिटी माह के रूप में मनाने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान परिवहन, पुलिस, लोक निर्माण, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायत राज समेत सभी संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

पहले दिन रोडवेज बस अड्डे पर विशेष आयोजन कर राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह की शुरूआत की गई है। एक माह तक चलने वाले अभियान की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। शासन की मंशा के अनुरूप यातायात नियमों का पालन कराने के लिए सख्ती की जाएगी। दूसरे सप्ताह से अंतिम सप्ताह तक सख्त प्रवर्तन कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।

सड़क सुरक्षा की शपथ लेंगे विद्यार्थी

जिला, तहसील, खंड व ग्राम पंचायत स्तर पर सभी विभागों, शहरी निकायों, पंचायती राज संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ स्कूल, कालेज व अन्य शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी सड़क सुरक्षा की शपथ लेंगे। इसके अलावा शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग, लेन उल्लंघन, गलत दिशा में वाहन चलाने, हेलमेट व सीट-बेल्ट न पहनने, रिफ्लेक्टर टेप, फाग लाइट, बिना परमिट व बिना फिटनेस संचालित वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *