अमेरिका के मैरीलैंड राज्य में भारतीय मूल की 27 वर्षीय युवती निकिता गोदिशाला का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। निकिता का शव संदिग्ध हालात में बरामद हुआ है और उसके शरीर पर चाकू से वार के निशान पाए गए हैं। स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, 2 जनवरी को निकिता के पूर्व प्रेमी अर्जुन शर्मा ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में अर्जुन ने बताया था कि उसने आखिरी बार निकिता को नए साल की शाम मैरीलैंड शहर में स्थित अपने अपार्टमेंट में देखा था। इसके बाद निकिता से उसका कोई संपर्क नहीं हो पाया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद अर्जुन शर्मा भारत चला गया था। वहीं, अगले ही दिन यानी 3 जनवरी को निकिता का शव उसी अपार्टमेंट से बरामद किया गया, जहां उसे आखिरी बार देखे जाने की बात कही गई थी।
निकिता के शव पर मिले चाकू के घावों के चलते मामले को गंभीर मानते हुए जांच एजेंसियां सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय अपार्टमेंट में कौन-कौन मौजूद था और हत्या किन परिस्थितियों में हुई।
फिलहाल मामले में किसी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अमेरिकी पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद अमेरिका में रह रहे भारतीय समुदाय में भी गहरी चिंता और शोक का माहौल है।

