निशान साहिब पर चढ़ा युवक 90 फीट पर अटका, फायर ब्रिगेड हुई फेल तो गांव वालों ने संभाला मोर्चा, रेस्क्यू 4 घंटों से जारी

2.7kViews
1544 Shares

अबोहर के गांव गिद्दावाली स्थित गुरुद्वारा साहिब में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। जब करीब 90 फीट ऊंचे निशान साहिब पर चढ़ा एक नौजवान ऊपर ही अटक गया। जानकारी के अनुसार यह घटना सुबह करीब आठ से नौ बजे के बीच की है।

मिली जानकारी के अनुसार निशान साहिब चढ़ाने के दौरान अचानक तार टूट गया, जिससे युवक नीचे नहीं उतर सका और ऊंचाई पर ही फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई।  गुरुद्वारा साहिब परिसर और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।पहले तो युवक को नीचे उतारने के लिए तत्काल उपाय किए गए, लेकिन ऊंचाई अधिक होने के कारण कोई सुरक्षित तरीका नजर नहीं आया। इसके बाद प्रशासन और फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई।

रेस्क्यू के लिए लगाई गई शटरिंग।

फायर ब्रिगेड भी हुई फेल

हालांकि मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अमले और फायर ब्रिगेड के पास इतनी ऊंचाई से युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का कोई पुख्ता इंतजाम नहीं था। ऐसे में हालात की गंभीरता को देखते हुए गांव वासियों ने खुद ही मोर्चा संभाल लिया। ग्रामीणों ने शटरिंग का सामान और अन्य जरूरी उपकरण मंगवाए और एक अस्थायी ढांचा तैयार कर युवक को नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए।

4 घंटों से लटका है युवक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक पिछले तीन से चार घंटे से करीब 90 फीट की ऊंचाई पर ही लटका हुआ है। नीचे खड़े लोगों की निगाहें लगातार ऊपर टिकी हुई हैं और हर कोई उसकी सलामती को लेकर चिंतित नजर आया।

ग्रामीणों का कहना है कि युवक पूरी हिम्मत के साथ खुद को संभाले हुए है, लेकिन लंबे समय तक ऊंचाई पर रहने के कारण उसकी हालत को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *