एक और पश्चिमी विक्षोभ हो रहा सक्रिय, मौसम में देखने को मिलेगा कोई बदलाव?

3.0kViews
1080 Shares

कड़ाके की ठंड का सिलसिला जारी है। कोहरे का कहर भी थमने का नाम नहीं ले रहा। धूप की नामौजूदगी में सर्द पछुआ हवा अधिकतम तापमान गिरा रही लेकिन कोहरे की मौजूदगी से न्यूनतम तापमान में गिरावट नहीं होने पा रही। अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच मात्र तीन डिग्री सेल्सियस का अंतर होने के चलते दिन और रात दोनों समय ठंड से राहत नहीं मिल रही। रात के साथ दिन में भी गलन भरी ठंड पड़ रही।

मौसम विज्ञानी कैलाश पांडेय के अनुसार ऐसा पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के प्रभाव स्वरूप हो रहा। एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा, जिसके चलते कड़ाके की ठंड पड़ने का सिलसिला अगले तीन-चार दिन तक जारी रहेगा। कोहरे के प्रभाव में गोरखपुर सहित समूचा पूर्वी उत्तर प्रदेश रहेगा।

मौसम विज्ञानी ने बताया कि इस समय ऊपरी वायुमंडल में पछुआ हवा चल रही है। चूंकि पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से जमकर बर्फबारी हो रही है। ऐसे में पछुआ के साथ पहाड़ों की बर्फीली ठंड पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंच रही है। निचले वायुमंडल में नम पुरुवा हवा के चलते कोहरे में कमी नहीं होने पा रही है।

दोनों वायुमंडलीय परिस्थिति के मेल से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सोमवार को अधिकतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा। ऐसे में ठंड का प्रभाव हमेशा एक जैसा रहा। आर्द्रता का प्रतिशत 84 से 87 प्रतिशत होने के चलते रिकार्ड तापमान से अधिक की ठंड का अहसास हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन-चार दिन तक अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। न्यूनतम तापमान भी 10 डिग्री सेल्सियस से अधिक नहीं होने पाएगा। आर्द्रता का प्रतिशत 90 के आसपास रहने के चलते रिकार्ड तापमान से अधिक की ठंड का अहसास होगा।

बीते सप्ताह अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस मेंं)

  • तिथि तापमान
  • 29 दिसं. 14.2
  • 28 दिसं. 14.5
  • 27 दिसं. 13.2
  • 26 दिसं. 14.8
  • 25 दिसं. 20.0
  • 24 दिसं. 16.6
  • 23 दिसं. 15.6

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *