सिरसा में बनेगी दो नई रेल लाइनें? सांसद सैलजा ने सरकार से की मांग

2.1kViews
1413 Shares

सांसद कुमारी सैलजा ने क्षेत्र के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार से सिरसा-रानियां-टिब्बी तथा सिरसा-भादरा नई रेल लाइन के निर्माण की मांग की है।

इस संबंध में सांसद ने रेल मंत्री को पत्र लिखकर इन दोनों रेल परियोजनाओं के सर्वेक्षण और शीघ्र स्वीकृति का आग्रह किया है। सांसद सैलजा ने अपने पत्र में कहा है कि हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास के लिए ये दोनों रेल मार्ग अत्यंत आवश्यक हैं।

सिरसा-रानियां-टिब्बी रेल मार्ग न केवल क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करेगा, बल्कि दिल्ली, श्रीगंगानगर और सीमा क्षेत्र तक सीधी रेल सुविधा उपलब्ध कराएगा, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी। सांसद ने कहा कि यह रेल मार्ग किसानों, व्यापारियों और उद्योग जगत के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।

कृषि उत्पादों, विशेषकर कपास, गेहूं और अन्य फसलों के परिवहन में सुविधा होगी, जिससे किसानों को बेहतर दाम मिल सकेंगे। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

टसांसद सैलजा ने बताया कि प्रस्तावित सिरसा-भादरा रेल लाइन उत्तर और दक्षिण भारत को जोड़ने में एक वैकल्पिक रेल कारिडोर के रूप में कार्य करेगी। इससे यात्रियों के साथ-साथ माल परिवहन को भी सुविधा मिलेगी और हरियाणा-पंजाब क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नया बल मिलेगा। कुमारी सैलजा ने कहा कि ये दोनों रेल परियोजनाएं सामरिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

सीमा क्षेत्र से जुड़े होने के कारण आपातकालीन परिस्थितियों में सेना और राहत सामग्री के आवागमन में भी यह मार्ग उपयोगी सिद्ध होगा। कुमारी सैलजा ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि इन दोनों रेल लाइनों का शीघ्र सर्वे कराकर इन्हें मंजूरी प्रदान की जाए, ताकि भविष्य में क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा, रोजगार के अवसर और आर्थिक विकास का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *