जनपद में दिन और रात लगातार कोहरे की गिरफ्त में बने हुए हैं। घने कोहरे और बढ़ती ठंड के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पछुआ हवाएं तेज चलेंगी, जिससे ठंड और ज्यादा कंपकंपाने वाली हो जाएगी।
आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। शनिवार को न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 18 डिग्री रहा। सुबह से लेकर देर शाम तक कोहरे की चादर छाई रही। रविवार को भी सुबह कोहरा छाया रहा। गलन से लोग परेशान दिखे।
न्यूनतम तापमान लुढ़कर सात डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से बढ़ी ठिठुरन
शनिवार को धूप नहीं निकलने के कारण ठिठुरन बनी रही। सड़कों पर दृश्यता काफी कम रही, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हाईवे और प्रमुख मार्गों पर वाहन रेंगते नजर आए। कई स्थानों पर लोग हेडलाइट और फाग लाइट जलाकर चलते दिखाई दिए। ठंड का असर सबसे ज्यादा सार्वजनिक स्थानों पर नजर आया। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, चौराहों और बाजारों में लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लोग लेते दिखे। सुबह और शाम के समय स्थिति और ज्यादा खराब रही। गरीब, मजदूर और राहगीरों के लिए ठंड मुसीबत बनकर सामने आई।
शनिवार को पूरे दिन कोहरा छाए रहने से दृश्यता रही कम
हालांकि कोहरे और ठंड का लाभ किसानों को मिल रहा है। विशेषकर गेहूं की फसल के लिए यह मौसम अनुकूल माना जा रहा है। खेतों में नमी बनी रहने से फसल को फायदा हो रहा है। जिला कृषि अधिकारी डा. मनवीर सिंह का कहना है कि यदि सिंचाई में थोड़ी देरी भी हो जाए तो फसल को कोई खास नुकसान नहीं होगा। नमी के कारण पौधों की बढ़वार बेहतर हो रही है, जिससे उत्पादन अच्छा रहने की संभावना है।
प्रशासन ने जलवाए अलाव
वहीं ठंड से बचाव के लिए जिला प्रशासन की ओर से राहत के प्रयास किए जा रहे हैं। जिले में 150 से अधिक स्थानों पर सरकारी अलाव जलवाए जा रहे हैं। नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्रामीण क्षेत्रों में भी अलाव की व्यवस्था कराई गई है, ताकि जरूरतमंद लोगों को राहत मिल सके। इसके बावजूद कई इलाकों में लोग अलाव की संख्या बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। कोहरे के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी अलर्ट जारी किया है। कहा है कि घने कोहरे में अनावश्यक सफर से बचें। अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें और वाहन चलाते समय धीमी गति रखें। हाईवे पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनीष सिंह ने बताया कि आने वाले कुछ दिनों तक कोहरा छाए रहने और ठंड बढ़ने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। ठंड और कोहरे के इस दौर में सतर्कता और बचाव ही सबसे बड़ा उपाय माना जा रहा है।

