श्रावस्‍ती में एक साथ 45 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, वर-वधू को भेंट क‍िए गए उपहार

2.1kViews
1249 Shares

कलेक्ट्रेट स्थित तथागत हाल में गुरुवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित हुआ। जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर तथा कलश की पूजा कर सामूहिक विवाह का शुभारंभ किया। परंपरागत तरीके से एक मंडप में एक साथ 45 जोड़ों ने एक-दूजे का हाथ थामा। वर-वधू को प्रमाण पत्र व उपहार भेंट किया गया।

जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गरीब व्यक्तियों की पुत्रियों के विवाह का बीड़ा उठाया है। इससे उन्हें अब बेटी के विवाह के लिए चिंतित नहीं होना पड़ता है। डीएम अश्वनी कुमार पांडेय ने कहा कि बेटियों में विवाह में कठिनाई महसूस करने वाले गरीब परिवारों के बेटियों का विवाह सरकार अपने खर्चे पर कर रही है। यह योजना गरीबों के लिए वरदान है।

लाभार्थी जोड़ों को एक लाख रुपये की धनराशि प्रदान की जाती है। इसमें 60 हजार रुपये उनके बैंक खाते में भेजी जाती है। 25 हजार रुपये के उपहार व 15 हजार रुपये विवाह के समय भोजन व टेंट में व्यय होता है।

जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. अमरनाथ यति ने बताया कि सामूहिक विवाह में इकौना ब्लाक के नौ, गिलौला के 10, हरिहरपुररानी के पांच, जमुनहा के छह, सिरसिया के 14, नगर पंचायत इकौना का एक जोड़ा शामिल हुआ। इसमें अल्पसंख्यक वर्ग के सात, अन्य पिछड़ा वर्ग के 12, अनुसूचित जाति के 16, अनुसूचित जनजाति के सात व सामान्य वर्ग के तीन जोड़ों का विवाह परंपरागत तरीके से संपन्न हुआ।

समाजसेवी अवधेश पांडेय, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष उदय प्रकाश त्रिपाठी, सामाजिक संस्था सद्भावना के अध्यक्ष योगेंद्र मणि त्रिपाठी, जिला आबकारी अधिकारी घनश्याम मिश्र, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी देवेंद्र राम मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *