राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बिहार में एनडीए सरकार एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने के संकल्प के साथ काम कर रही है।
इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए राज्य में स्वदेशी आधारित उद्योग-धंधों को बढ़ावा दिया जा रहा है। खनन क्षेत्र में पहली बार छह ब्लाक बनाकर इसकी शुरुआत की गई है, जो पूरी तरह स्वदेशी अवधारणा पर आधारित है।
उपमुख्यमंत्री सोमवार को शहर के प्रसिद्ध राधाकृष्णन गोयनका कॉलेज परिसर में आयोजित स्वदेशी मेला 2025 के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि स्वदेशी को अपनाकर ही आत्मनिर्भर और विकसित भारत की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय स्वदेशी को पिछड़ेपन से जोड़ा जाता था, लेकिन आज यह गौरव और आत्मसम्मान का प्रतीक बन चुका है। लोकल फॉर वोकल, आत्मनिर्भर भारत और सहकारी योजनाएं स्वदेशी भावना को मजबूत कर रही हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जन-धन योजना के तहत आज देश की करीब 80 प्रतिशत आबादी बैंकिंग प्रणाली से जुड़ चुकी है, जबकि पहले यह आंकड़ा मात्र 30 प्रतिशत था। इससे आर्थिक सशक्तिकरण को बल मिला है।
समारोह को स्थानीय सांसद देवेश चंद्र ठाकुर, परिहार विधायक एवं विधानसभा में सत्तारूढ़ दल की सचेतक गायत्री देवी, बथनाहा विधायक अनिल राम, एमएलसी रेखा कुमारी, पूर्व विधायक मिथिलेश कुमार, पूर्व विधायक रामनरेश प्रसाद यादव और स्वदेशी जागरण मंच के पूर्व संयोजक अरुण ओझा ने भी संबोधित किया।

