Toxic Gas Leak से दो महिलाओं की माैत के बाद झारखंड के मुख्य सचिव और डीजीपी पहुंचे केंदुआ, हालात का ले रहे जायजा

2.3kViews
1842 Shares

 झारखंड के धनबाद जिले में आग एवं भू-धंसान से प्रभावित झरिया फायर एरिया के केंदुआडीह इलाके में जहरीली गैस का रिसाव लगातार जारी है। यह गैस केंदुआडीह कोलियरी के समीप स्थित राजपूत बस्ती और आसपास के क्षेत्रों से निकल रही है, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

गैस रिसाव की चपेट में आने से अब तक दो महिलाओं की मौत हो चुकी है, जबकि बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शनिवार सुबह झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार और डीजीपी तदाशा मिश्रा (Jharkhand DGP Tadasha Mishra) केंदुआडीह पहुंचे।

उन्होंने प्रभावित इलाके का दौरा किया और स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके साथ ही उन्होंने भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के अधिकारियों से भी मुलाकात कर गैस रिसाव, आग और भू-धंसान की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को प्रभावितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, तत्काल राहत व्यवस्था मजबूत करने और स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। धनबाद के विधायक राज सिन्हा ने भी मुख्य सचिव को इलाके की भयावह स्थिति से अवगत कराया।

उन्होंने कहा कि जहरीली गैस के कारण लोगों का सामान्य जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। कई परिवारों को अपने घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे विस्थापन और रोजगार का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।

स्थानीय लोगों ने स्थायी पुनर्वास, सुरक्षित आवास और आजीविका के वैकल्पिक साधनों की मांग की है। मुख्य सचिव फिलहाल इलाके में मौजूद रहकर प्रभावितों से मुलाकात कर रहे हैं और हालात का जायजा ले रहे हैं।

प्रशासन की ओर से स्वास्थ्य शिविर, अस्थायी राहत और सुरक्षा उपायों को तेज करने की बात कही गई है। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक गैस रिसाव और आग पर स्थायी नियंत्रण नहीं किया जाता, तब तक खतरा बना रहेगा। प्रशासन के लिए यह चुनौती है कि वह त्वरित राहत के साथ-साथ दीर्घकालिक समाधान भी सुनिश्चित करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *