जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में शनिवार रात को एक भीषण सड़क दुर्घटना में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक 10 साल की मासूम बच्ची भी शामिल है। यह हादसा रात करीब 10:30 बजे तब हुआ जब एक डंपर और सूमो यात्री वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
पूरा परिवार शोक में डूबा
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना से महवारा इलाके में मातम पसर गया है। मृतकों की पहचान महवारा निवासी 10 वर्षीय ज़ैनब के रूप में हुई है। इस हादसे में उसके पिता निसार अहमद राथर और दो अन्य रिश्तेदार बशीर अहमद राथर और खातून की भी जान चली गई है। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
राजनेताओं ने जताया दुख
इस दुखद घटना पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने गहरा दुख व्यक्त किया है। नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रवक्ता ने एक बयान जारी कर कहा कि पार्टी नेतृत्व ने इस सड़क हादसे पर गहरा सदमा जताया है। पुलिस ने इस दुर्घटना का संज्ञान लिया है और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

