अगर आप सुरक्षित निवेश की तलाश में हैं, तो पोस्ट ऑफिस की रजिस्टर डिपॉजिट (RD) योजना आपके लिए बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती है।
पोस्ट ऑफिस RD की खासियत क्या है?
यह योजना सरकार समर्थित है, जिससे आपकी जमा राशि सुरक्षित रहती है। पोस्ट ऑफिस RD पर इस समय ब्याज दर 6.7% प्रति वर्ष है, जो हर तीन महीने में अपडेट होती रहती है। इस योजना में न्यूनतम 100 रुपये से निवेश शुरू किया जा सकता है और कोई अधिकतम सीमा नहीं है, यानी आप अपनी क्षमता के अनुसार जितना चाहें निवेश कर सकते हैं।
कौन खोल सकता है अकाउंट?
पोस्ट ऑफिस RD में कोई भी भारतीय नागरिक खाता खोल सकता है। यह खाता सिंगल व्यक्ति के नाम हो सकता है या तीन वयस्क मिलकर जॉइंट अकाउंट भी खोल सकते हैं। इसके अलावा, नाबालिग के नाम पर अभिभावक खाता खोल सकते हैं, और 10 साल से अधिक उम्र के बच्चे भी खुद अपना RD अकाउंट खोल सकते हैं।
मैच्योरिटी अवधि और लोन सुविधा
इस योजना की मैच्योरिटी अवधि 5 साल है, जिसे आप जरूरत पड़ने पर बढ़ा भी सकते हैं। साथ ही, खाता खुलने के एक साल बाद या 12 मासिक किस्तें जमा करने के बाद, आप जमा राशि के 50% तक लोन भी ले सकते हैं। यह सुविधा आकस्मिक जरूरतों को पूरा करने में मददगार साबित होती है।
कैसे बनेगा बड़ा फंड?
मान लीजिए आप हर महीने 15,000 रुपये पोस्ट ऑफिस RD में निवेश करते हैं और इसकी अवधि 10 साल (120 महीने) रखी है। इस निवेश पर आपकी कुल जमा राशि 18 लाख रुपये होगी। 6.7% वार्षिक ब्याज दर के हिसाब से 10 साल बाद आपको कुल 7.62 लाख रुपये का ब्याज मिलेगा। इससे आपकी कुल राशि बन जाएगी लगभग 25.62 लाख रुपये।

