1740
Shares
गोरखपुर
गुरुवार की शाम हुई मामूली वर्षा ने शुक्रवार को उमस भरी गर्मी बढ़ा दी। आसमान में बादल मंडराते रहे। वर्षा का माहौल बनाते रहे। इस बीच बादलों के बीच निकली बेदम सी धूप भी नमी के साथ मिलकर उमस बढ़ाती रही।
नमी के चलते धूप ने गर्मी का सूचकांक बढ़ा दिया, जिससे लोगों को रिकार्ड तापमान से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक की गर्मी का अहसास हुआ। लोग परेशान रहे और बादलों से वर्षा की गुहार लगाते रहे। इस बीच मौसम विज्ञानी कैलाश पांडेय और मौसम विभाग ने गर्मी से राहत को लेकर उम्मीद जगाई है। अगले तीन में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा का पूर्वानुमान जताया है।
मौसम विज्ञानी के अनुसार वर्षा की वायुमंडलीय परिस्थितियां बनी हुई हैं। ऐसे में आसमान में बादल जमे हुए हैं और वर्षा की उम्मीद बनी हुई है। गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में दो जून तक रुक-रुक कर वर्षा होने के आसार हैं। इससे तीन से चार दिन के लिए तापमान में गिरावट आएगी।
नमी बढ़ जाएगी और धूप निष्प्रभावी हो जाएगी। ऐसे में लोगों को कुछ देर के लिए ही सही गर्मी से राहत मिल जाएगी। मौसम विज्ञानी अगले तीन दिन में अधिकतम तापमान के 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान के 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान जता रहे हैं। दिन व रात दोनों समय गर्मी से राहत की उम्मीद बता रहे हैं।