कार की मांग पर हंगामा
गांव समदपुर निवासी सुनील की दो बेटियों शिवानी शर्मा व भारती शर्मा की शादी गांव तसींगा के सुरेश चंद के बेटों मोहित शर्मा व नारायण शर्मा से होना तय था। इसके लिए सोमवार को पास के ही गांव नीति निवास स्थित त्रिवेनी गेस्ट हाउस में वर-वधू पक्ष के लोग दिन में ही पहुंच गए थे। रात वैवाहिक कार्यक्रम चल रहा था। दावत और बरात चढ़ने के उपरांत जयमाला का कार्यक्रम प्रारंभ होने वाला था। स्टेज पर दुल्हनों के आने का इंतजार था। लड़कियों के पिता सुनील कुमार का आरोप है कि दूल्हा पक्ष के लोग दहेज में कार की मांग करने लगे। इसी बात को लेकर वाद-विवाद शुरू हो गया।
दोनों दुल्हनों से कर दिया मना
बात बढ़ गई और दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। कुछ लोगों ने बीचबचाव कराया। इस दौरान दुल्हन बनी बहनों ने शादी न करने का फैसला सुना दिया। मारपीट की जानकारी पर पुलिस पहुंच गई। काफी देर तक समझाने का कोई असर न था। इसके चलते दोनों पक्ष कोतवाली पहुंच गए। यहां रातभर बातचीत चली। मगर, कोई नतीजा न निकलने पर बरात लौट गई। लड़कों के स्वजन के खिलाफ सुनील ने पुलिस को तहरीर दी है। इसमें कहा है कि दोनों पुत्रियों की शादी के लिए लड़के वालों को छह लाख रुपये और घरेलू सामान दिया था।
वधू पक्ष ने दी तहरीर
दूल्हे का बड़ा भाई कार की मांग कर रहा था। असमर्थता जताने पर दूल्हा, उसके भाई और अन्य लोगों ने दुल्हन पक्ष के लोगों से मारपीट की। इससे दुल्हन का चचेरा भाई निर्भय और एक अन्य रिश्तेदार अभिषेक घायल हो गए। लड़का पक्ष के लोग चचेरी बहन का मोबाइल छीनकर भाग गए। कोतवाल योगेश कुमार का कहना है वधू पक्ष ने तहरीर दे दी है। मामले की जांच की जा रही है।