3.0kViews
1621
Shares
पटना
प्रदेश के मध्य भागों से झारखंड होते हुए उत्तर तटीय ओडिशा तक एक द्रोणिका का प्रभाव बना हु्आ है। वहीं, 16 अप्रैल को पश्चिमी हिमालय क्षेत्रों में विक्षोभ की संभावना है। इन सभी मौसमी कारकों के कारण प्रदेश के मौसम में 19 अप्रैल तक गरज-तड़क के साथ कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा व तेज हवा चलने की संभावना है।
26 जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी
- मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान पटना सहित 26 जिलों में मेघ गर्जन, बिजली गिरने व 40-50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
- रविवार को पटना सहित आसपास इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के कारण मौसम में विशेष परिवर्तन नहीं देखा गया।
नालंदा के सिलाव में हुई सबसे ज्यादा बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के नालंदा, किशनगंज, लखीसराय, बांका, शेखपुरा, मुंगेर, पूर्णिया के अलग-अलग भागों में वर्षा दर्ज की गई। नालंदा के सिलाव में सर्वाधिक वर्षा 41.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
गोपालगंज में 35 डिग्री के पार पहुंचा पारा
राजधानी का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 35.4 डिग्री सेल्सियस के साथ गोपालगंज में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के अधिसंख्य जिलों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
इन जगहों पर दर्ज हुई वर्षा
नालंदा के बेन में 38.4 मिमी, बिहारशरीफ में 35.8 मिमी, किशनगंज के बहादुरगंज में 34.2 मिमी, नालंदा के सरमेरा में 30.4 मिमी, बांका के बौसी में 26.8 मिमी, बांका में 24.8 मिमी, किशनगंज में 22.4 मिमी, शेखपुरा में 22.2 मिमी, लखीसराय में 19.8 मिमी, पूर्णिया के कस्बा में 19.8 एवं नालंदा के राजगीर में 19.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई।