2.2kViews
1922
Shares
सीतापुर
तंबौर के रतनगंज घाट के पास शारदा नदी में शनिवार दोपहर नाव पलट गई। इसमें मौसेरी बहनों समेत तीन की मौत हो गई। वहीं, एक बालक लापता है। गोताखोर तलाश कर रहे हैं। नाव पर 11 लोग सवार थे। चार का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तंबौर में चल रहा है। लोग रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे।
रतनगंज के दिनेश कुमार पुत्र नागेश्वर प्रसाद की शुक्रवार को शारदा नदी में डूबने से मौत हो गई थी। परिवारजन शनिवार को अंतिम संस्कार के लिए शव को लेकर नदी पार दूसरे छोर पर लेकर गए थे। दिनेश के रिश्तेदार नाव पर सवार होकर नदी पार कर रहे थे।
इसी बीच नाव पलट गई। इसमें रेउसा के गांव सुपौली की खुशबू व कुमकुम(मौसेरी बहनें) और रायपुर बेहड़ा के संजय गुप्त की डूबने से मौत हो गई। वहीं, ढाईं वर्षीय कृष्णा लापता हो गए हैं। गोताखोर उनकी तलाश कर रहे हैं। दिनेश के परिवारजन गोपाल गुप्ता ने बताया कि नाव पर 11 लोग सवार थे।
नहाते समय डूब गए थे दिनेश
होली के दिन शुक्रवार को रंग खेलकर दोपहर बाद दिनेश रतनगंज घाट पर दिनेश नहाने गए थे। इस दौरान वह नदी में डूब गए थे। करीब एक घंटे की तलाश के बाद उनका शव मिला था।
मोहाना नदी में डूबने से दो किशोरों की मौत
वहीं इसी तरह के एक अन्य मामले में गौरीफंटा (लखीमपुर) में भारत-नेपाल सीमा को विभाजित करने वाली मोहाना नदी में नहाने गए दो नेपाली किशोरों की डूबकर मौत हो गई। कैलाली पुलिस व सशस्त पुलिस बल ने नदी से दोनों शवों को निकाल लिया है।
शुक्रवार को चार किशोर नहाने के लिए फुलवारी गांव के निकट बहने वाली मोहाना नदी में स्नान करने गए थे। जिसमें से दिनेश ओझा 15 साल व आशीष ओझा 16 साल की डूबने से मौत हो गई जबकि फुलवारी गांव के दो किशोर करन सिंह धामी 16 साल व आदर्श पुजारा 15 चोट लगने से घायल हो गए है।
जिनको धनगढी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सशस्त पुलिस बल के डीएसपी शैलेंद्र थापा ने बताया कि मृतक दोनों किशोरों के शवों को ढूढ लिया गया है तथा दोनों घायल किशोरों को सकुशल बचा लिया गया है।