Kal Ka Mausam 22 November: चक्रवात का असर घटने के बाद रविवार को शुष्क रहेगा मौसम, छाए रह सकते बादल

4.3kViews
1210 Shares

शनिवार को चक्रवात अकवान का प्रभाव दिखाई दिया और सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। रविवार को स्थिति बदलती नजर आएगी। चक्रवात का असर कम होने के बाद आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। मौसम शुष्क रहेगा।
शनिवार को अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान सापेक्ष आर्द्रता सुबह सात बजे 95 प्रतिशत और दोपहर दो बजे 90 प्रतिशत रही।

कहीं कहीं बूंदाबांदी हुई तथा सुबह से तेज पुरवा चलती रही। कुछ देर के लिए धूप निकलती भी थी तो बाद में फिर बादल छा जाता था, जिससे ठंड बढ़ी और सूर्यास्त के बाद तापमान तेजी से कम हुआ।

बादलों का असर और तापमान

रविवार को 24 से 36 घंटे की यह अवधि पूरी होने के बाद मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिलेगा और मौसम शुष्क रहेगा। पूर्वानुमान अवधि के दौरान अधिकतम तापमान 24 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

अगले एक दो दिनों तक आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रह सकते हैं। सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 80 से 90 प्रतिशत और दोपहर में 35 से 45 प्रतिशत के आसपास रहने की संभावना है।

किसानों के लिए जरूरी सलाह

मुख्यतः पूर्वी हवाएं चलेंगी और इसके बाद पूर्वानुमान अवधि के शेष दिनों में पछिया हवाएं चलने का अनुमान है, जिसकी गति 8 से 12 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है।

चक्रवात अकवान के कारण आगामी एक दो दिनों के संभावित प्रतिकूल मौसम को देखते हुए बेगूसराय के किसानों को धान एवं खरीफ मक्का की कटाई स्थगित रखने की सलाह दी गई है। मौसम साफ एवं शुष्क होने पर ही कटाई का कार्य पुनः शुरू करें।

उपज सुरक्षा के उपाय

कटी हुई फसलों व कृषि उपज को सुरक्षित व सूखे स्थान पर रखें तथा खुले में रखी उपज को वर्षा से बचाने के लिए तिरपाल से ढककर रखें। रबी फसलों की बुआई भी मौसम अनुकूल होने पर ही पुनः शुरू करने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *