रामसेतु के नीचे मिले प्राचीन नदी चैनल भूगर्भीय रहस्य उजागर, समुद्र में मिले हजारों साल पुराने रास्ते

8.4kViews
1929 Shares

रामेश्वरम और श्रीलंका के बीच समुद्र में स्थित रामसेतु का भूगर्भीय रहस्य और गहरा हो गया है। समुद्र की तलहटी के नीचे आठ से दस मीटर मोटी रेत की परत में हजारों वर्ष पुराने नदी मार्ग मिले हैं। इनमें कुछ चैनल एक से दो किलोमीटर तक चौड़े हैं।

विज्ञानियों के अनुसार, 10 से 12 हजार वर्ष पहले जब समुद्र का जलस्तर आज की तुलना में काफी नीचे था, तब इस क्षेत्र का बड़ा हिस्सा खुली भूमि था और यहां नदियां बहती थीं। समुद्र का जलस्तर बढ़ने के साथ ये नदी मार्ग डूब गए और बाद में रेत व तलछट के नीचे दब गए।

सीएसआईआर-राष्ट्रीय समुद्र विज्ञान संस्थान (एनआईओ), गोवा के निदेशक डाॅ. सुनील कुमार सिंह ने बुधवार को बीएचयू में राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान अपने शोध की प्रस्तुति में ये जानकारियां साझा कीं। बताया कि उनकी टीम ने रामेश्वरम और श्रीलंका के बीच पाक खाड़ी तथा मन्नार की खाड़ी में समुद्री सर्वेक्षण कर समुद्र तल के नीचे की भूगर्भीय संरचनाओं का अध्ययन किया।

ध्वनि तरंगों से समुद्र के नीचे की पड़ताल

डाॅ. सिंह ने बताया कि सर्वेक्षण में स्पार्कर तकनीक का प्रयोग किया गया। इसके तहत समुद्र में ध्वनि तरंगें भेजी जाती हैं। तलछट और चट्टानों से टकराकर लौटने वाले संकेतों के विश्लेषण से समुद्र तल के नीचे की संरचनाओं का पता चलता है। समुद्र की गहराई और तल की बनावट समझने के लिए सिंगल बीम बाथिमेट्री तथा कुछ द्वीपों पर जमीन के भीतर की संरचना जानने के लिए जीपीआर तकनीक भी अपनाई गई।

इसमें रेत के नीचे दबे कई प्राचीन नदी चैनल मिले। उस दौर में वैगई और तामिरबरनी नदियों की धाराएं मन्नार की खाड़ी की ओर जाती थीं। मिले चैनल वैगई की प्राचीन वितरिकाओं से जुड़े हो सकते हैं। जलस्तर बढ़ने पर ये रास्ते समुद्र में समा गए।

ड्रिलिंग से खुलेगा रामसेतु का भूगर्भीय रहस्य

डाॅ. सिंह ने कहा कि इन नदी मार्गों की खोज से रामसेतु की प्रकृति निर्धारित नहीं की जा सकती। इसके लिए समुद्र तल के नीचे अभी कम से कम दस मीटर तक ड्रिलिंग कर नमूनों और भूगर्भीय परतों की जांच जरूरी है। सर्वेक्षण के दौरान टीम श्रीलंका की ओर निर्धारित सीमा से आगे नहीं जा सकी।

रामसेतु में प्रयुक्त तैरने वाले पत्थरों के वहां तक पहुंचने का मूल स्रोत अभी तक सटीक रूप से ज्ञात नहीं हो सका है। पहले अंदाजा था कि ये अंडमान से लाए गए हो सकते हैं, लेकिन उनकी प्रकृति अंडमान में मिलने वाले पत्थरों से भिन्न है। इस पर अभी और अध्ययन की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *