‘सामाजिक समरसता और एकता का सेतु बना छठ महापर्व’, विहिप ने लोगों से की घाटों पर जाने की अपील

8.6kViews
1889 Shares

प्रकृति वंदन, लोक आस्था और शुचिता के मामले में विश्व के सबसे अद्भुत व विहंगम महापर्व छठ ने अब केवल भौगोलिक सीमाओं को ही नहीं तोड़ा है, बल्कि यह समस्त हिंदू समाज को एकजुट करने का भी सबसे बड़ा सेतू बनता जा रहा है।

आज अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के अनुष्ठान के बीच समस्त हिंदू समाज को घाटों पर पहुंचने तथा व्रती माताओं-बहनों की कठिन तपस्या को नमन करने की अपील की है।

छठ घाटों पर पहुंचने की अपील

विहिप, इंद्रप्रस्थ प्रांत के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार गुप्ता ने समस्त हिंदू समाज का आह्वान करते हुए कहा है कि इस छठ महापर्व पर केवल औपचारिक शुभकामनाएं देने तक सीमित न रहें, बल्कि स्वयं छठ घाटों पर पहुंचकर व्रत रखने वाली माताओं-बहनों की कठिन साधना और तपस्या को नमन करें।

उन्होंने कहा कि उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक, हमारा भारत एक है। हमारी परंपराएं और जीवनशैली भले ही अलग-अलग हों, लेकिन हमारी मूल सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय एकात्मता एक ही सूत्र में बंधी है।

सामाजिक समरसता और दिलों की दूरियां मिटाने का अवसर

सुरेंद्र गुप्ता ने आगे कहा कि घाटों पर पहुंचकर व्रती महिलाओं के परिवारों से आत्मीयता से मिलें और अपनी सामर्थ्य के अनुसार एक छोटा-सा उपहार लेकर जाएं। जब हम एक-दूसरे के पर्वों और आयोजनों में सहर्ष सहभागी बनते हैं, तभी समाज में दिलों की दूरियां मिटती हैं और सामाजिक एकता को वास्तविक मजबूती मिलती है।

उन्होंने संकल्प व्यक्त करते हुए कहा कि इंद्रप्रस्थ (दिल्ली) में मनाया जाने वाला प्रत्येक भारतीय पर्व अब पूरे समाज का साझा उत्सव बनना चाहिए। त्योहार केवल मनाए नहीं जाते, बल्कि उन्हें आत्मीयता से अपनाया भी जाता है। विहिप के इस आह्वान से राजधानी में छठ महापर्व का उल्लास और अधिक प्रगाढ़ हो गया है, जहां हर तरफ छठी मैया के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज रहा है।

बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश की माटी से निकल कर यह पर्व आज अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा समेत पूरी दुनिया में अपनी सांस्कृतिक खुशबू बिखेर रहा है।

व्रति के कठिन तपस्या को नमन

जहां-जहां भारतीय प्रवासी पहुंचे, वहां उन्होंने प्रकृति प्रेम और आध्यात्मिकता के इस पावन अनुष्ठान को जीवंत कर दिया। साथ ही भारतीय समाज को वैचारिक और सांस्कृतिक रूप से पिरोने का बड़ा आधार बन चुका है। इस बीच, विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने इसे लेकर एक बड़ा आह्वान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *