भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आइआइटी) मंडी की पूर्व छात्रा और वाटसाइकिल सस्टेनेबल साल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड की सह-संस्थापक डॉ. प्रियंका काजल ने विश्व पटल पर देश और संस्थान का मान बढ़ाया है। हरियाणा के कुरुक्षेत्र की मूल निवासी डा. प्रियंका को पर्यावरण एवं सतत विकास श्रेणी के अंतर्गत दूसरे अंतरराष्ट्रीय टॉप-100 ब्रिक्स उद्यमी पुरस्कार 2026 के विजेताओं में चुना गया है।
आइआइटी मंडी से पीएचडी करने वाली डॉ. प्रियंका को यह गौरव सोलर पैनल रीसाइक्लिंग और सतत नवाचार के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्राप्त हुआ है। मास्को में होगा सम्मान
आइआइटी मंडी के शोध से पड़ी स्टार्टअप की नींव
वाटसाइकिल स्टार्टअप को आइआइटी मंडी के प्रौद्योगिकी व्यवसाय इनक्यूबेटर कैटलिस्ट में इनक्यूबेट किया गया है। इस स्टार्टअप की नींव संस्थान के प्रो. सत्वशील आर पवार और प्रो. अतुल धर के मार्गदर्शन में किए गए शोध कार्य से पड़ी थी। वर्तमान में यह स्टार्टअप सोलर फोटोवोल्टिक (पीवी) लाइफसाइकिल प्रबंधन के क्षेत्र में अत्याधुनिक समाधान विकसित कर रहा है। इसमें इंटेलिजेंट हेल्थ मानिटरिंग, ड्रोन आधारित डायग्नोस्टिक्स और पुराने व बेकार हो चुके सोलर पैनलों की वैज्ञानिक रीसाइक्लिंग जैसी नवीन तकनीकें शामिल हैं।
सर्कुलर इकोनामी को मिल रहा बढ़ावा
स्टार्टअप की एक प्रमुख पहल रिवाइव सोलर है, जिसे जीआइसी आरई के सीएसआर कार्यक्रम का सहयोग प्राप्त है। इसका मुख्य उद्देश्य प्रयोगशाला के शोध को पायलट स्तर की तकनीक में बदलना है, ताकि सोलर कचरे के सुरक्षित प्रबंधन और संसाधन रिकवरी के माध्यम से सर्कुलर इकोनामी को बढ़ावा दिया जा सके। आइआइटी मंडी प्रबंधन ने डा. प्रियंका को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए इसे युवा शोधार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

